वैशाली डबल मर्डर केस: आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी दो गोलियां; पटना से गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: वैशाली। वैशाली जिले के चर्चित डबल मर्डर मामले में सोमवार को पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी जगदीश राय के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, जगदीश राय रविवार सुबह बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में सेना के जवान जितेंद्र कुमार (35) और उनके पिता मुनारिक राय (60) की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार हो गया था। घटना के बाद से उसकी तलाश जारी थी।

सोमवार को पुलिस ने आरोपी को पटना के एक हॉस्टल से गिरफ्तार किया। पुलिस जब उसे बिदुपुर थाना लेकर लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की इंसास राइफल छीन ली, चलती गाड़ी से कूद गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

बताया गया कि आरोपी की ओर से चलाई गई दो गोलियां पुलिस वाहन को चीरते हुए निकल गईं। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां जगदीश राय के पैर में लगीं। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दोबारा काबू कर लिया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी और मृतक मुनारिक राय के बीच जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों एक ही परिसर में रहते थे। आरोप है कि कुछ दिन पहले जगदीश राय ने अपने चाचा के घर से निकलने का रास्ता बंद कर दिया था। इस मामले में डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और समझौते का प्रयास किया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सेना के जवान जितेंद्र कुमार के छुट्टी पर घर आने के बाद विवाद फिर बढ़ गया। इसके अगले ही दिन दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार, फायरिंग की परिस्थितियों तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

*बिहार के 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, समस्तीपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; अगले 4 दिन तक राहत के आसार – Doorbeen News*

बिहार के 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, समस्तीपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; अगले 4 दिन तक राहत के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *