समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर बाल तस्करी का पर्दाफाश: गुजरात ले जाए जा रहे 6 बाल श्रमिक मुक्त, एक तस्कर गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। संयुक्त अभियान के दौरान गुजरात ले जाए जा रहे छह नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया, जबकि एक कथित बाल तस्कर को गिरफ्तार कर जीआरपी के हवाले कर दिया गया।

रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ, जीआरपी, अपराध आसूचना शाखा तथा बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं की संयुक्त टीम बुधवार शाम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बरौनी छोर स्थित फुटओवर ब्रिज के नीचे छह बच्चे डरे-सहमे अवस्था में मिले।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें गुजरात ले जाया जा रहा है। बच्चों ने मौके पर मौजूद एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए बताया कि वही उन्हें अंगूठी और बाली बनाने वाले कारखाने में काम कराने के लिए लेकर जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी की पहचान मो. फिरदौश (29 वर्ष), निवासी मांदाही खुर्द, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह छहों बच्चों को गुजरात ले जाकर आभूषण निर्माण कारखाने में मजदूरी करवाने वाला था, जहां प्रत्येक बच्चे को करीब 6 हजार रुपये प्रतिमाह मजदूरी दी जानी थी।

मुक्त कराए गए सभी बच्चे मुजफ्फरपुर जिले के भगवानपुर और पियर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं तथा उनकी उम्र 13 से 16 वर्ष के बीच है।

आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्चों, जब्त दस्तावेजों और अन्य आवश्यक कागजात के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (जीआरपी) समस्तीपुर को सौंप दिया है। मामले में बाल तस्करी और बाल श्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ के उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी, जीआरपी, अपराध आसूचना शाखा के पुलिसकर्मी तथा एसोसिएशन फॉर वॉलेंटरी एक्शन, जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र और प्रयास जुवेनाइल सेंटर के प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

*चलायी जा रही 07 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार – Doorbeen News*

चलायी जा रही 07 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *