व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के बरियाही घाट वार्ड 8 में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और इसके बाद एक एक कर कुल 11 तालों को तोड़ते हुए कई कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला।
घटना में करीब 75 हजार रुपये मूल्य के घरेलू सामान, बर्तन, कीमती साड़ियां तथा अन्य सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद शिवाजीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित स्व राजेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र संतोष कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने शिवाजीनगर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वह अपने पूरे परिवार के साथ झारखंड के रामगढ़ में रहते हैं।

उनका पैतृक घर बरियाही घाट में बंद रहता है। उनके छोटे भाई भी नौकरी के कारण बाहर रहते हैं, जिससे मकान अधिकांश समय खाली रहता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सोमवार की रात घटना को अंजाम दिया। आवेदन के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनके चाचा मुकेश कुमार सिंह ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह रामगढ़ से अपने गांव पहुंचे।
घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य गेट सहित कुल 11 ताले टूटे हुए थे और घर के विभिन्न कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। देखने पर पता चला कि छठ पर्व के लिए पहले से खरीदकर रखे गए फूल के बर्तन कटौती, कराही, छलनी, पांच कुकर, कुछ कीमती साड़ियां तथा अन्य घरेलू सामान गायब हैं। पीड़ित ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस मकान में चोरी हुई है, उसमें दोनों भाई बाहर रहकर नौकरी करते हैं।

लंबे समय तक घर बंद रहने के कारण चोरों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है,
शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से चोरी की घटना को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


*पीबीएल से गणित-विज्ञान की पढ़ाई होगी और प्रभावी, शिक्षकों को दिए गए व्यवहारिक प्रशिक्षण – Doorbeen News*
पीबीएल से गणित-विज्ञान की पढ़ाई होगी और प्रभावी, शिक्षकों को दिए गए व्यवहारिक प्रशिक्षण







