व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: ताजपुर (समस्तीपुर)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) ने ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूली के किसी भी प्रयास का विरोध करने का ऐलान किया है। संगठन ने इसे गरीबों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
रविवार को ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक और हरिशंकरपुर बघौनी के धोबिया पोखर पर सदस्यता अभियान के तहत आयोजित बैठक में यह घोषणा की गई। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता और जीतेंद्र सहनी ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक को संबोधित करते हुए सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं में कटौती से पहले ही ग्रामीण गरीब परेशान हैं। ऐसे समय में प्रत्येक परिवार से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूलने का कोई भी प्रयास जनविरोधी होगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कदम उठाया गया तो खेग्रामस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
बैठक में राशन कार्ड रद्द होने, आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं, बंद पड़ी वृद्धावस्था, विधवा (मोसमात) एवं दिव्यांग पेंशन को शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई गई। साथ ही भूमिहीन परिवारों को भूमि और आवास उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मांग भी की गई।


वक्ताओं ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव में संगठन को मजबूत किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान के दौरान कई ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


*बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, उपचुनाव में भाजपा को सीधी चुनौती – Doorbeen News*
बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, उपचुनाव में भाजपा को सीधी चुनौती





