बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, उपचुनाव में भाजपा को सीधी चुनौती

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) अब पहली बार विधानसभा चुनावी मैदान में उतरेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज भारती ने घोषणा की है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर उम्मीदवार होंगे।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा, “पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही मेरी जिंदगी है। पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करूंगा। यदि बांकीपुर से जीत मिलती है तो इससे पार्टी का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को नई मजबूती मिलेगी।”

दरअसल, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर ने स्वयं कोई चुनाव नहीं लड़ा था। उस चुनाव में जन सुराज को 3.34 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन पार्टी एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हुई। बाद में पीके ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि चुनाव नहीं लड़ना उनकी “रणनीतिक भूल” थी, जिसे अब वह सुधार रहे हैं।

बांकीपुर सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न मानी जा रही है। यह सीट वर्ष 2006 से लगातार भाजपा के नेता नितिन नवीन के पास रही। उनके राज्यसभा सदस्य बनने और पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद यह सीट खाली हुई है। हालांकि भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ग्रामीण बिहार में पदयात्रा के जरिए संगठन खड़ा करने के बाद अब शहरी और परंपरागत रूप से भाजपा समर्थक माने जाने वाले बांकीपुर में चुनाव लड़ना प्रशांत किशोर के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भाजपा भी इस सीट को हर हाल में अपने कब्जे में बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है।

ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीति और 2026 के व्यापक राजनीतिक समीकरणों की दिशा तय करने वाला अहम मुकाबला माना जा रहा है।

 

*एक पेड़ मां के नाम 3.0 कार्यक्रम को घर-घर तक ले जाने की अपील – Doorbeen News*

एक पेड़ मां के नाम 3.0 कार्यक्रम को घर-घर तक ले जाने की अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *