व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: बड़े मंच तक पहुंचने के लिए बड़े शहरों में जन्म लेना जरूरी नहीं होता, जरूरत होती है हुनर, मेहनत और सपनों को सच करने के जज्बे की। समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड के छोटे से गांव नौआपोखर की रहने वाली प्रतिभा कुमारी ने यही साबित कर दिखाया है। अपनी मधुर आवाज और वर्षों की संगीत साधना के दम पर उन्होंने मिथिला आइडल-2026 के दूसरे राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उनकी इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
शिवाजीनगर प्रखंड की बल्लीपुर पंचायत के वार्ड-13 स्थित नौआपोखर गांव की रहने वाली प्रतिभा, प्रधान शिक्षक उमेश प्रसाद राय और गृहिणी शमता कुमारी की पुत्री हैं। मधुबनी जिले के झंझारपुर में आयोजित मिथिला आइडल प्रतियोगिता में करीब 200 प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपनी गायकी का ऐसा जादू बिखेरा कि निर्णायक भी प्रभावित हुए और उन्हें अगले दौर के लिए चुन लिया गया। इस उपलब्धि पर उन्हें प्रमाण-पत्र, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।


प्रतिभा की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपनी शुरुआत किसी बड़े संगीत संस्थान से नहीं, बल्कि गांव के सरकारी स्कूल की प्रार्थना सभा से की थी। मध्य विद्यालय बल्लीपुर में पढ़ाई के दौरान वह प्रतिदिन हारमोनियम बजाकर चेतना सत्र का संचालन करती थीं। वहीं से संगीत के प्रति उनका लगाव गहराता गया और उन्होंने इसे अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया।
बाद में उन्होंने रोसड़ा के संगीत गुरु निराला जी से संगीत की प्रारंभिक शिक्षा ली। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में संगीत ऑनर्स तृतीय वर्ष की छात्रा हैं और प्रसिद्ध संगीत शिक्षक प्रोफेसर राजपाल सिंह के मार्गदर्शन में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की बारीकियां सीख रही हैं।
तीन बहनों और एक भाई के बीच पली-बढ़ी प्रतिभा का कहना है कि उनका सपना केवल किसी प्रतियोगिता का विजेता बनना नहीं है। वह चाहती हैं कि मिथिला का लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाए और उनकी आवाज इस पहचान का माध्यम बने।


प्रतिभा की इस उपलब्धि पर गांव से लेकर जिले तक खुशी की लहर है। रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी आलोक कुमार सिंह, पूर्व बीडीओ हरिओम शरण, बीईओ रामजन्म सिंह, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, उप निदेशक ललित कुमार सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली सहित कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

:गांव की बेटी, अब राष्ट्रीय मंच की ओर: नौआपोखर जैसे छोटे गांव से निकलकर संगीत के बड़े मंच तक पहुंची प्रतिभा आज ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लगन और मेहनत सच्ची हो तो गांव की गलियों से निकली आवाज भी देशभर में अपनी पहचान बना सकती है। अब जिले की निगाहें मिथिला आइडल के अगले दौर पर टिकी हैं, जहां समस्तीपुर की यह बेटी अपनी गायकी से एक बार फिर नया इतिहास रचने की तैयारी में है।


*विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शिवाजीनगर में प्रशिक्षण – Doorbeen News*
विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शिवाजीनगर में प्रशिक्षण





