व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 5 जुलाई को होने वाले स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में सभी प्रखंडों में आयोजित धरना कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।
बैठक का आयोजन जिला प्रभारी सह पूर्व विधायक निरंजन राय के मार्गदर्शन एवं राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान परिषद सदस्य रोमा भारती की अध्यक्षता में हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए उजियारपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, मोरवा विधायक रणविजय साहू, पूर्व मंत्री वैद्यनाथ सहनी, पूर्व विधायक डॉ. एज्या यादव, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सहनी, उजियारपुर संगठन जिलाध्यक्ष राजेश्वर महतो तथा वरिष्ठ नेता सत्यविंद पासवान ने कहा कि राजद की स्थापना 5 जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से की थी।


वक्ताओं ने कहा कि पार्टी ने शुरू से ही पिछड़े, अति पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं गरीब तबकों के अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता दी। मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने और वंचित वर्गों को सत्ता में भागीदारी दिलाने में राजद की ऐतिहासिक भूमिका रही है।
बैठक में पार्टी की प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। नेताओं ने कहा कि वर्ष 2004 में यूपीए सरकार के दौरान लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री के रूप में भारतीय रेलवे को नई पहचान दिलाई, जबकि वर्ष 2015 में महागठबंधन की सरकार के गठन में भी राजद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्तमान में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी ‘पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।


बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 जुलाई को जिले के सभी प्रखंडों एवं जिला मुख्यालय पर स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक की जानकारी जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।



*राज्य कर सहायक आयुक्त बनीं जयंती कुमारी का सम्मान, चौथे प्रयास में मिली सफलता बनी युवाओं के लिए प्रेरणा – Doorbeen News*





