व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, समस्तीपुर द्वारा बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर विशेष ‘घाट पर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के महत्व को समझते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक स्फूर्ति बनाए रखने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नदियों एवं जलाशयों को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई।


कार्यक्रम में नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, वरीय उप समाहर्ता धर्मराज, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार, नोडल पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, एनएसएस जिला नोडल पदाधिकारी लक्ष्मण यादव, डॉ. शालिनी कुमारी एवं डॉ. रिंकी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला गंगा समिति की ओर से सभी अतिथियों को शॉल, पाग एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
योग शिक्षक राजेंद्र कुमार सिंह (राजू) ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, भुजंगासन, वृक्षासन, शवासन, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए। साथ ही उन्होंने मानव जीवन में योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।


जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार ने कहा कि नदियों से जुड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। नदी किनारे योग करने से स्वच्छ प्राणवायु प्राप्त होती है, प्रकृति से जुड़ाव बढ़ता है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि खुले आसमान और नदी की शीतलता के बीच योग का अनुभव विशेष रूप से लाभकारी होता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एनएसएस, एनसीसी, माय भारत तथा विभिन्न संस्थानों के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सुमित कुमार, राहुल कुमार, मो. अली, सुधांशु रंजन, अंशु, पवन सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
योग, पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता के संदेश के साथ संपन्न यह कार्यक्रम लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


*जमीन में नाम, खाता-खेसरा या परिमार्जन की शिकायत है तो आज ही करें आवेदन, 21 जून आखिरी तारीख – Doorbeen News*
जमीन में नाम, खाता-खेसरा या परिमार्जन की शिकायत है तो आज ही करें आवेदन, 21 जून आखिरी तारीख





