व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर में राजस्व महाअभियान के तहत 2.13 लाख आवेदन पहुंचे, अंतिम तिथि के बाद नहीं मिलेगा मौका
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जमीन से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के इच्छुक लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राजस्व महाअभियान के तहत जमीन संबंधी शिकायतों के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिनकी जमीन के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर दें, ताकि उनके मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जा सके।
जिले में अब तक करीब 2 लाख 13 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें परिमार्जन, दाखिल-खारिज, खाता-खेसरा की त्रुटि, रैयत के नाम में गड़बड़ी तथा अन्य राजस्व संबंधी शिकायतें शामिल हैं। इन सभी आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर उनकी सुनवाई एवं निष्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


अपर समाहर्ता (राजस्व) ब्रजेश कुमार ने बताया कि 21 जून ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जमीन के रिकॉर्ड में त्रुटियां हैं या जिनका नाम, खाता अथवा खेसरा विवरण गलत दर्ज है, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन कर दें।
पिछले वर्ष चला था विशेष अभियान
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष अगस्त और सितंबर माह में जिलेभर में राजस्व महाअभियान चलाया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने जमीन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए थे। अब उन आवेदनों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


किन मामलों के लिए कर सकते हैं आवेदन
- जमीन का परिमार्जन (सुधार)
- दाखिल-खारिज संबंधी समस्या
- खाता-खेसरा में त्रुटि
- रैयत के नाम में गड़बड़ी
- भूमि अभिलेखों में अन्य तकनीकी त्रुटियां
लोगों के लिए क्यों जरूरी है यह प्रक्रिया
राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भूमि अभिलेखों में त्रुटि रहने से भविष्य में दाखिल-खारिज, जमीन की खरीद-बिक्री, बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रक्रियाओं में परेशानी हो सकती है। इसलिए रिकॉर्ड को सही कराने के लिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अंतिम तिथि समाप्त होने से पहले आवेदन कर अपनी भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान का लाभ उठाएं।


*पीएम किसान योजना की किस्त से किसानों के चेहरे खिले: समस्तीपुर में 2.42 लाख किसानों को मिला लाभ, लाइव प्रसारण सुनने जुटे किसान – Doorbeen News*






