डांसर ने साथ जाने से किया इनकार, मनचलों ने पेट में मारी गोली; शादी समारोह में सनसनीखेज हत्या

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: गोपालगंज। बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शादी समारोह के दौरान डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ मनचलों ने डांसर को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसे गोली मार दी।

घटना गुरुवार देर रात कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव की है। यहां महेंद्र कुशवाहा की पुत्री की शादी में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से बारात आई हुई थी। शादी समारोह में नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें डांसर सोनू गोंड प्रस्तुति दे रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक मंच के पास पहुंचे और डांसर को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। जब सोनू गोंड ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल डांसर को आनन-फानन में कटेया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाच पार्टी के संचालक रामायण यादव ने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग गलत नीयत से सोनू को जबरन ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

*समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट की साजिश रच रहे चार अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, देशी कट्टा और लूटा गया मोबाइल बरामद – Doorbeen News*

समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट की साजिश रच रहे चार अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, देशी कट्टा और लूटा गया मोबाइल बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *