व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकमेहसी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूटपाट की योजना बना रहे चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूट का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 जून 2026 को चकमेहसी थाना के अपर थानाध्यक्ष सब्बीर खान ने सशस्त्र बल के साथ त्वरित छापेमारी कर थाना क्षेत्र के सिमरी भिण्डा पोखर के समीप कार्रवाई की। इस दौरान कुख्यात अमन सहनी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राहुल कुमार (19), विकास कुमार (21), विशाल कुमार (18) तथा मो. अमन (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मालीनगर सिमरी, थाना चकमेहसी, जिला समस्तीपुर के निवासी हैं।


पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान गिरोह का सरगना अमन सहनी एवं उसके कुछ अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा एक लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया। जांच में पता चला कि यह मोबाइल 11 जून 2026 को ताजपुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना से संबंधित है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर लोगों में दहशत फैलाने का भी काम करते थे। गिरोह के सदस्य क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।


इस संबंध में चकमेहसी थाना कांड संख्या-112/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी), 26 एवं 35 के तहत दर्ज कर गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
बरामद सामान
- 01 देशी कट्टा
- 02 जिंदा कारतूस
- 01 लूटा गया मोबाइल फोन
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
- पु.अ.नि. सब्बीर खान, अपर थानाध्यक्ष, चकमेहसी थाना
- सिपाही मनीष कुमार दूबे
- सिपाही नागेंद्र कुमार
- अन्य पुलिसकर्मी
पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।


*2100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा से गूंजा खानपुर, 24 अवतार धाम चकोटी मठ में नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ – Doorbeen News*





