व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: बिहार सरकार के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर के अंतर्गत आज खानपुर प्रखंड सह अंचल परिसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित आमजनों एवं लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने शिविर में आने वाले नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभुकों को जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। लाभुकों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया।


शिविर को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके घर के निकट ही उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से दिनांक 16, 17 एवं 18 जून 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, श्रम संसाधन, कृषि, विद्युत, आपूर्ति, कल्याण, जीविका, नगर विकास एवं अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निष्पादन किया जा रहा है तथा जिन मामलों में विस्तृत जांच अथवा प्रक्रिया की आवश्यकता होगी, उनका भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं से संबंधित आवश्यकताओं को लेकर शिविर में अवश्य पहुंचें तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन दें, ताकि उनकी समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया जाए तथा उसका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए तथा सेवा प्रदान करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने भी शिविर का निरीक्षण करते हुए आमजनों से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य संबंधित विषयों पर संवाद किया तथा लोगों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को भी आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, सिविल सर्जन समस्तीपुर डॉ. राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी खानपुर, अंचल अधिकारी खानपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


*17 जून को आयोजित होने वाली केंद्रीय चयन परिषद, (सिपाही भर्ती) परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु विशेष रेल सेवा – Doorbeen News*





