भर्ती परीक्षा में कदाचार की साजिश नाकाम, समस्तीपुर पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। केंद्रीय चयन परिषद (मद्यनिषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही) भर्ती परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समस्तीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रच रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने परीक्षा से एक दिन पूर्व विशेष अभियान चलाकर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और दस्तावेजी साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 14 जून को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित थी। इसी बीच 13 जून को बेगूसराय पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि एक गिरोह परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अनुचित तरीके से लाभ पहुंचाने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सोनवर्षा चौक के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसके द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों तथा परीक्षा में कदाचार कराने की पूरी योजना का खुलासा किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह कैमरामैन एवं वीडियोग्राफर की मदद से प्रश्नपत्र की जानकारी प्राप्त कर विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षा केंद्र के अंदर चुनिंदा अभ्यर्थियों को उत्तर उपलब्ध कराने की तैयारी में था। गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन एवं अन्य उपकरणों की जांच में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 253/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों एवं उन अभ्यर्थियों की भी पहचान की जा रही है जिन्हें परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना थी।

गिरफ्तार आरोपित

  • अमित कुमार (25 वर्ष), थाना गढ़पुरा, जिला बेगूसराय
  • दीपक कुमार (36 वर्ष), थाना विथान, जिला समस्तीपुर
  • पंकज कुमार सहनी (34 वर्ष), थाना खानपुर, जिला समस्तीपुर
  • नितीश कुमार, थाना गढ़पुरा, जिला बेगूसराय

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपितों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल, तीन कीपैड मोबाइल, स्पाई ईयरपीस, जीएसएम स्किन बॉक्स, वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, बैटरियां, चार्जर, सिम आधारित उपकरण, दस्तावेजी कागजात समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद की है।

समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से परीक्षा में कदाचार कराने की पूरी योजना विफल हो गई। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

*39 डिग्री की तपिश में नौनिहालों की परीक्षा: स्कूल बंद, लेकिन आंगनबाड़ी खुली; मासूमों को सुबह से झेलनी पड़ रही भीषण गर्मी – Doorbeen News*

39 डिग्री की तपिश में नौनिहालों की परीक्षा: स्कूल बंद, लेकिन आंगनबाड़ी खुली; मासूमों को सुबह से झेलनी पड़ रही भीषण गर्मी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *