खानपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, डेढ़ वर्षीय बेटे के रोने से हुआ घटना का खुलासा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk। समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के खानपुर दक्षिणी पंचायत अंतर्गत नोनिया टोल वार्ड संख्या-1 में शनिवार दोपहर एक विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से झूलता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी विजय कुमार महतो की 23 वर्षीय पत्नी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बंद कमरे के भीतर से मृतका के डेढ़ वर्षीय पुत्र के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की है। मृतका की सास सुनीता देवी घर के दूसरे कमरे में सो रही थीं। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर जब वह बहू के कमरे के पास पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सीढ़ी लगाकर वेंटिलेटर से झांका तो बहू को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका पाया, जबकि मासूम बच्चा बिस्तर पर रो रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर अपर थानाध्यक्ष पूनम कुमारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण के बाद दरवाजा तोड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व हुई थी और उसका डेढ़ वर्षीय पुत्र है। कुछ दिनों पहले वह बिना बताए अपनी नानी के घर चली गई थी, जिसके बाद उसके पिता उसे वापस ससुराल लेकर आए थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि ससुराल में किसी प्रकार के गंभीर विवाद की जानकारी नहीं थी, ऐसे में घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां को खो चुके मासूम बच्चे की स्थिति देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

अपर थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

*समस्तीपुर ही नहीं, पूरे बिहार में अलग पहचान बना रही THE UMEED की सोशल समर इंटर्नशिप – Doorbeen News*

समस्तीपुर ही नहीं, पूरे बिहार में अलग पहचान बना रही THE UMEED की सोशल समर इंटर्नशिप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *