व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। घटना बढ़ौना पंचायत के चतरा गांव की है। मृतकों की पहचान कन्हैया पासवान की पत्नी रंगीला देवी (24 वर्ष) और उनके पुत्र रतन कुमार (6 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए रंगीला देवी अपने बेटे के साथ कमरे में स्टैंड फैन चलाकर सो रही थीं। इसी दौरान रात में अचानक स्टैंड फैन गिर गया। बताया जा रहा है कि गिरने के कारण फैन का बिजली तार टूट गया और उसमें करंट प्रवाहित होने लगा। इसकी चपेट में आने से मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।


घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक परिवार के घर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे चतरा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है और एक साथ मां-बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


*समस्तीपुर में एचआईवी संक्रमितों की पहचान के लिए 77 दिनों में लगेंगे 154 विशेष जांच शिविर – Doorbeen News*
समस्तीपुर में एचआईवी संक्रमितों की पहचान के लिए 77 दिनों में लगेंगे 154 विशेष जांच शिविर





