व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर जिले में नए एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान और उनके समुचित उपचार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एचआईवी स्क्रीनिंग अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि जिले में आगामी 77 दिनों के दौरान कुल 154 विशेष एचआईवी जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का संचालन 1 जुलाई से शुरू होगा। अभियान का उद्देश्य नए एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें समय पर चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना है।


सिविल सर्जन ने बताया कि रोजगार एवं अन्य कारणों से राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में गए जिले के कई लोग वापस लौटे हैं। ऐसे लोगों की स्वास्थ्य जांच कर संभावित एचआईवी संक्रमण की समय रहते पहचान करना आवश्यक है, ताकि संक्रमण की रोकथाम और उपचार प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिविरों की तिथियां जल्द निर्धारित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए।


जिलाधिकारी ने अनुभवी चिकित्सकों के नेतृत्व में विशेष टीमों के गठन का निर्देश देते हुए कहा कि एचआईवी संक्रमण की समय पर पहचान और उपचार संक्रमित व्यक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ समाज में संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, जिला एड्स नियंत्रण इकाई के प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।


*उर्दू शिक्षकों के पद सृजन की मांग को लेकर विधान पार्षद ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन – Doorbeen News*
उर्दू शिक्षकों के पद सृजन की मांग को लेकर विधान पार्षद ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन





