खानपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, गला दबाकर हत्या की आशंका

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर कोठिया बांध के नीचे स्थित एक ताड़ी दुकान के पास रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोठिया गांव निवासी राम एकवाल सहनी के 35 वर्षीय पुत्र धर्मनाथ सहनी के रूप में हुई है। शव बांसवाड़ी के नीचे जमीन पर पड़ा मिला, जबकि उसके गले में लाल रंग का गमछा लिपटा हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर खानपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है।

गला दबाकर हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि ताड़ी पीने के दौरान हुए विवाद के बाद धर्मनाथ की गला दबाकर हत्या कर दी गई।

मृतक के भतीजे के अनुसार, धर्मनाथ ताड़ी पीने के लिए दुकान पर गया था। उसने 50 रुपये देकर ताड़ी खरीदी और पी। बाद में उसने एक और ग्लास ताड़ी मांगी, लेकिन पैसे नहीं होने के कारण दुकानदार ने देने से मना कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ताड़ी बेचने वाले व्यक्ति ने धर्मनाथ के साथ मारपीट की और बाद में गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

मौके पर मौजूद थे कई लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय ताड़ी दुकान पर कई लोग मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।

कबाड़ी और भुजा बेचकर चलाता था परिवार

परिजनों ने बताया कि धर्मनाथ सहनी गांव-गांव घूमकर कबाड़ी का काम और भुजा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को भी वह काम करने के बाद ताड़ी पीने गया था, जहां यह घटना हुई।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

*द उम्मीद समर इंटर्नशिप 2026: 800 से अधिक विद्यार्थियों को दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण – Doorbeen News*

द उम्मीद समर इंटर्नशिप 2026: 800 से अधिक विद्यार्थियों को दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *