व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर नगर क्षेत्र स्थित रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के प्रस्तावित मरम्मत कार्य को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मरम्मत अवधि में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आम लोगों को होने वाली संभावित परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से विभिन्न वैकल्पिक मार्गों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित वैकल्पिक मार्गों को जल्द से जल्द उपयोग योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आरओबी मरम्मत कार्य के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन प्रभावित हो सकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करें।


उन्होंने वैकल्पिक मार्गों पर सड़क की स्थिति, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण व्यवस्था का विशेष रूप से आकलन करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यपालक अभियंताओं को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं रखरखाव कार्य पूरा करने को कहा, ताकि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, स्कूली वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि वैकल्पिक मार्गों पर यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए। उन्होंने मार्गों के चौड़ीकरण, समतलीकरण और आवश्यकतानुसार सुदृढ़ीकरण का कार्य भी शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।


उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को न्यूनतम असुविधा के साथ सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। साथ ही मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले वैकल्पिक मार्गों और यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने जिला अतिथि गृह में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


*एनएसएस के सिलेबस को कुलाधिपति से मिली मंजूरी, मिथिला सहित सभी परंपरागत विश्वविद्यालयों में लागू होगी – Doorbeen News*
एनएसएस के सिलेबस को कुलाधिपति से मिली मंजूरी, मिथिला सहित सभी परंपरागत विश्वविद्यालयों में लागू होगी





