पंचायत समिति की संभावित अंतिम बैठक में विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर प्रखंड पंचायत समिति की संभावित अंतिम बैठक शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख शमीना खातून की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार एवं विधायक अश्वमेध देवी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत समिति सदस्यों, मुखियाओं एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने के साथ हुई।

बैठक में सदन की सहमति से कार्यवाही प्रारंभ की गई। इस दौरान राजस्व, बाल विकास परियोजना, शिक्षा, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, आपूर्ति, स्वच्छता, मनरेगा, विद्युत, जीविका, बाढ़ प्रमंडल, लघु उद्योग, लघु सिंचाई एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों ने पंचायत समिति सदस्यों और मुखियाओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं प्रश्नों का बिंदुवार जवाब दिया। साथ ही गंभीर समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया।

बैठक में पंचायतों में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी करने, आंगनबाड़ी केंद्रों के सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। विधायक अश्वमेध देवी ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने का निर्देश दिया।

प्रखंड कार्यालय के नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो जाने के कारण उसके रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण के लिए मनरेगा विभाग के माध्यम से कार्य कराने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सदन ने सहमति व्यक्त की। वहीं जिन पंचायतों में अब तक पंचायत सरकार भवन का निर्माण शुरू नहीं हो सका है, वहां जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में पंचायत समिति सदस्यों और मुखियाओं ने क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए। योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अंत में उप प्रमुख राजेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।

बैठक में उप प्रमुख राजेश कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी सुप्रभात कुमार, अंचलाधिकारी सलोनी कुमारी, राजस्व पदाधिकारी नीलमणि, पंचायती राज पदाधिकारी विनीत रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार सहित सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

*मोहनपुर में ‘रन फॉर एनवायरनमेंट’ का आयोजन, युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश – Doorbeen News*

मोहनपुर में ‘रन फॉर एनवायरनमेंट’ का आयोजन, युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *