पटना हाईकोर्ट की दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

दूरबीन न्यूज डेस्क: पटना : न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय ने पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा महाधिवक्ता पी.के. शाही सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय पटना हाईकोर्ट की दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनी हैं। इससे पहले न्यायमूर्ति रेखा मनहर लाल दोशित 21 जून 2010 से 12 दिसंबर 2014 तक इस पद पर रह चुकी हैं। हालांकि न्यायमूर्ति राय का कार्यकाल अपेक्षाकृत छोटा रहेगा और वह 12 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो जाएंगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद पटना हाईकोर्ट के शताब्दी हॉल में उनके सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, न्यायिक जवाबदेही तथा बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

मुख्य न्यायाधीश ने वर्षों से लंबित मुकदमों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायपालिका से जुड़े सभी पक्षों से मिलकर मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति राय ने बिहार की गौरवशाली न्यायिक परंपरा का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया और विश्वास जताया कि पूरी न्यायिक टीम राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। उन्होंने सिक्किम से अपने लंबे न्यायिक अनुभवों को भी साझा किया और वहां से जुड़ी अपनी आत्मीय स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन अनुभवों का लाभ बिहार की न्यायिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मिलेगा।

*बिहार में 5.80 लाख सरकारी शिक्षकों के तबादले की तैयारी पूरी, नई शिक्षा नीति के तहत होगी पोस्टिंग – Doorbeen News*

बिहार में 5.80 लाख सरकारी शिक्षकों के तबादले की तैयारी पूरी, नई शिक्षा नीति के तहत होगी पोस्टिंग

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *