विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ का संदेश: मन की शुद्धता से ही संभव है स्वच्छ पर्यावरण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: समस्तीपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ताजपुर रोड स्थित स्थानीय सेवा केंद्र शिव शक्ति भवन में पर्यावरण जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानसिक शुद्धता और आध्यात्मिक जागरूकता के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृष्ण भाई ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण का मूल कारण मानसिक प्रदूषण है। मनुष्य के नकारात्मक और व्यर्थ विचार वातावरण को प्रभावित करते हैं, जिससे प्रकृति का संतुलन बिगड़ता है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को सकारात्मक और शुद्ध बनाकर प्रकृति को भी सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की जा सकती है।

वहीं बीके तरुण ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) सहित कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने संगठन को पर्यवेक्षक का दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि संस्था सौर ऊर्जा, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसकी विभिन्न मंचों पर सराहना भी हुई है।

इस अवसर पर सविता बहन ने उपस्थित लोगों को मेडिटेशन के माध्यम से प्रकृति के पांचों तत्वों में शांति, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि मनुष्य और प्रकृति का संबंध अटूट है तथा सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जीवनशैली पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान नीम, अमरूद, केला और करी पत्ता सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर शिव प्रकाश खेमका, सतीश चांदना, डॉ. दशरथ तिवारी, वरुण भाई, राकेश भाई, विजय भाई, अशोक भाई, संजीव भाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

*बंद चीनी मिल और दूधपूरा हवाई अड्डा चालू कराने को जनसंपर्क अभियान तेज – Doorbeen News*

बंद चीनी मिल और दूधपूरा हवाई अड्डा चालू कराने को जनसंपर्क अभियान तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *