व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शुक्रवार को शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आयोजित होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए आम लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि समस्तीपुर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं आर्थिक संस्थान वर्षों से बंद पड़े हैं, जिससे जिले के विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है। उन्होंने बंद पड़ी समस्तीपुर चीनी मिल, ठाकुर पेपर मिल तथा गंभीर संकट से जूझ रही मुक्तापुर रामेश्वर जूट मिल को पुनः चालू करने और उनके विकास एवं विस्तार की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही नेताओं ने दूधपूरा हवाई अड्डा के जीर्णोद्धार और पुनः संचालन की मांग को भी प्रमुखता से रखा। उनका कहना था कि इन संस्थानों के चालू होने से जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और समस्तीपुर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।





मोर्चा ने आरोप लगाया कि वर्षों से इन जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आम लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगों पर गंभीर पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को 15 जून को आयोजित प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि जिले के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए यह आंदोलन महत्वपूर्ण है और इसे जनसमर्थन की आवश्यकता है।
अभियान में भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उपेंद्र राय, जितेंद्र कुशवाहा, दीनबंधु प्रसाद, माकपा के सत्यनारायण सिंह, रघुनाथ राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, परमानंद मिश्र, राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, मनोज राय सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
*मानव श्रृंखला बनाकर 628 युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश – Doorbeen News*
मानव श्रृंखला बनाकर 628 युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश





