व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय के सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने किया। बैठक की शुरुआत मिथिला की परंपरा के अनुरूप प्रखंड प्रमुख द्वारा उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को गमछा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मियों की अनुपस्थिति, पंचायत सरकार भवन के बंद रहने, विद्यालयों की अव्यवस्था तथा आवास योजना में कथित अवैध वसूली जैसे मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। दसौत पंचायत के मुखिया नटवर कुमार राय ने पंचायत कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत सचिव को छोड़कर अन्य कोई कर्मी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा कई बार पंचायत समिति की बैठकों में उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आम लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं सरकारी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाखड़ धरमपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने भीषण गर्मी के बीच नल-जल योजना की खराब स्थिति को लेकर पीएचईडी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रखंड की अधिकांश पंचायतों में नल-जल योजना दम तोड़ चुकी है और लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।


उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने जाखड़ धरमपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र पर मरीजों को नियमित रूप से दवाएं नहीं मिल रही हैं तथा अधिकांश समय स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित रहते हैं। उन्होंने पंचायत सरकार भवन के नियमित रूप से नहीं खुलने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि वहां कोई कर्मी उपस्थित नहीं रहता, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं।
बैठक के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में आवास सहायक दलालों के साथ मिलकर लाभुकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा उन्होंने राजकीय बुनियादी विद्यालय धरमपुर की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा भी सदन में रखा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में वर्ग संचालन तो हो रहा है, लेकिन पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
विद्यालय में शौचालय होने के बावजूद उसकी नियमित सफाई नहीं होने से छात्रों को परेशानी हो रही है। पंचायत समिति सदस्य गुंजन सिंह ने भीषण गर्मी के बावजूद निजी विद्यालयों के संचालन पर चिंता जताई।


उन्होंने कहा कि अत्यधिक तापमान के बीच बच्चों से विद्यालयों में पढ़ाई कराना उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे विद्यालयों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में उपस्थित अन्य मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों, प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी सदन को दी। अधिकारियों ने विभागीय कार्यों से संबंधित उठाए गए सवालों का जवाब भी दिया तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में सीओ वीणा भारती, सीडीपीओ निभा कुमारी, बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, बीईओ रामजन्म सिंह, बीएओ सतीश कुमार, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. एस.एस. प्रसाद, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा, पीएचईडी के जेई हिमांशु कुमार, मध्यान्ह भोजन प्रभारी रंजीत राम, मनरेगा पीटीए शंभू प्रसाद, अकाउंटेंट सतीश कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह, तकनीकी सहायक जेई दीप सागर विकास कुमार, लेखापाल अर्जुन कुमार, उप प्रमुख पूनम देवी, मुखिया रामचंद्र सिंह, दुखा मुखिया, विनोद पासवान, विभा देवी, संजीव पासवान, धर्मेंद्र कुमार, रिंकू देवी, समिति सदस्य सरोज कुमार, बैजनाथ मुखिया, पूनम कुमारी, खुशबू कुमारी, आशा देवी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।


*बायोडायवर्सिटी पार्क में छात्रों ने सीखा प्रकृति का पाठ, ‘द उम्मीद’ समर इंटर्नशिप में मिला व्यावहारिक ज्ञान – Doorbeen News*





