व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय कनखरिया में शिक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में नामांकित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा शैक्षणिक वातावरण में और सुधार लाना था। वार्ड सदस्य सह शिक्षा समिति के अध्यक्ष देवन पासवान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विद्यालय की वर्तमान व्यवस्था, शिक्षण स्तर, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक माहौल बेहतर करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। समिति ने चिंता जताई कि कई बार बच्चे नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचते, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति प्रभावित होती है। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा समिति ने विद्यालय में नामांकित सभी 120 छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए विशेष उपसमिति का गठन किया। यह उपसमिति शिक्षकों और अभिभावकों के साथ संपर्क कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करेगी।



विद्यालय में वर्तमान समय में प्रधानाध्यापक मोहम्मद अब्दुल्लाह सहित कुल पांच शिक्षक तैनात हैं, जो बच्चों को बेहतर शिक्षण उपलब्ध कराने में लगे हुए हैं। बैठक में शिक्षकों ने भी शिक्षण कार्य से संबंधित सुझाव साझा किए और कहा कि समिति तथा अभिभावकों के सहयोग से बच्चों के सीखने के स्तर में निश्चित रूप से सुधार आएगा। इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना पर भी विशेष चर्चा हुई। सदस्यों ने तय किया कि बच्चों को प्रतिदिन मेन्यू के अनुरूप स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अलग उपसमिति बनाई।
जो भोजन की गुणवत्ता और वितरण की निगरानी करेगी। समिति ने कहा कि पौष्टिक भोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में वार्षिक कार्य योजना तैयार की गई। बैठक में प्रधानाध्यापक मोहम्मद अब्दुल्लाह, सचिव कविता देवी, वीणा कुमारी सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे। सभी ने विद्यालय को शैक्षणिक रूप से और अधिक सक्षम बनाने तथा बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



*जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनन्त कुमार राय अखिल भारतीय शैक्षिक संघ के सचिव बने – Doorbeen News*
जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनन्त कुमार राय अखिल भारतीय शैक्षिक संघ के सचिव बने





