समस्तीपुर कॉलेज में NEP के तहत 5वें सेमेस्टर इंटर्नशिप पर विशेष संगोष्ठी आयोजित

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

Samastipur News: समस्तीपुर कॉलेज में NEP के तहत 5वें सेमेस्टर इंटर्नशिप पर विशेष संगोष्ठी आयोजित। समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020(NEP) के अंतर्गत 5वें सेमेस्टर में इंटर्नशिप के महत्व एवं उसके लाभों को लेकर एक विस्तृत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, विभागाध्यक्ष, नोडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि 5वें सेमेस्टर में इंटर्नशिप छात्रों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्रों को कार्य अनुभव, आत्मविश्वास और पेशेवर वातावरण को समझने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के कार्यों से जोड़ती है। इससे छात्रों में नई तकनीक, कार्यशैली एवं जिम्मेदारियों को समझने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक हो गया है।

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि इंटर्नशिप छात्रों के करियर निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। इससे विद्यार्थियों को उद्योग, संस्थान एवं विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर डॉ. राजा साहू ने कहा कि इंटर्नशिप छात्रों के व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। वहीं डॉ. संजय कुमार सिंह ने छात्रों को अनुशासन, समय प्रबंधन एवं कार्य संस्कृति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. खुर्शीद अहमद खान ने कहा कि शिक्षा नीति छात्रों को आत्मनिर्भर और कौशलयुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इंटर्नशिप छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान करती है, जिससे उनके अंदर आत्मविश्वास और पेशेवर दक्षता का विकास होता है।

वहीं दूसरी पाली में संस्कृत, मैथिली एवं उर्दू विभागों के छात्र-छात्राओं के लिए इंटर्नशिप कार्यशाला का आयोजन किया गया। मेंटर डॉ दयानंद मेहता, डॉ महेश कुमार चौधरी, डॉ सफ़वान सफवी, डॉ रीना कुमारी, आदि ने अपना विचार रखते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में 5वें सेमेस्टर के सभी छात्र एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका शिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

*भाकपा माले ने राज्य सम्मेलन की सफलता के लिए चलाया पोस्टर अभियान – Doorbeen News*

भाकपा माले ने राज्य सम्मेलन की सफलता के लिए चलाया पोस्टर अभियान

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *