व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर नगर निगम क्षेत्र वार्ड संख्या 11 स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय मणिपुर की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। करीब 50 वर्ष पूर्व स्थापित इस विद्यालय में आज भी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे यहां पढ़ने वाले लगभग 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में नजर आ रहा है। खास बात यह है कि इनमें अधिकांश संख्या छात्राओं की है।
विद्यालय में अब तक न तो नया भवन बन सका है और न ही पुराने जर्जर भवन का कोई समुचित रखरखाव किया गया है। वर्तमान में यहां केवल चार कक्ष उपलब्ध हैं, जबकि कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई होती है। ऐसे में चार कक्षाओं को कमरों में और शेष चार कक्षाओं को बरामदे में बैठाकर पढ़ाई कराई जाती है। बरामदे में पढ़ने वाले बच्चों को धूप, बारिश और अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति और कक्षाओं की कमी को लेकर कई बार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने बताया कि बरामदे में एक साथ दो-दो कक्षाओं के बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जाता है, जहां ब्लैकबोर्ड तक की सुविधा नहीं है।
विद्यालय में न तो समुचित कार्यालय कक्ष है और न ही स्टोर रूम। मिड-डे मील के लिए बना किचन शेड भी अंधकारमय और असुरक्षित है, जहां लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाया जाता है। अंधेरे के कारण भोजन में जहरीले कीड़े-मकोड़े गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।


इधर, वार्ड संख्या 11 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुमार साह ने भी इस स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय विधायक, सांसद और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी ने संज्ञान लेना उचित नहीं समझा। वही विधायक और संसद में सिर्फ आश्वासन ही दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। ऐसे में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के भवन निर्माण एवं सुधार कार्य को प्राथमिकता दें।


*समस्तीपुर के खानपुर सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए एफसीएम इंजेक्शन का शुभारंभ – Doorbeen News*
समस्तीपुर के खानपुर सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए एफसीएम इंजेक्शन का शुभारंभ





