शिवाजीनगर में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल से सिखाए आग से बचाव के गुर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

समस्तीपुर; शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र में आगजनी जैसी आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों, सरकारी भवनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मॉक ड्रिल का आयोजन कर लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इस दौरान कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत भी युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आपातकालीन स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के साथ साथ दूसरों की मदद भी कर सकें।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग के प्रशिक्षित कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। आग लगने की शुरुआती अवस्था में ही यदि सही तरीके अपनाए जाएं, तो बड़े हादसों को रोका जा सकता है। इस कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के कर्मचारी रंजीत कुमार, खुशबू कुमारी एवं ओम जी ने संयुक्त रूप से उपस्थित लोगों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अग्निशमन यंत्र फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग की विधि को व्यवहारिक रूप से समझाया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आग के प्रकार के अनुसार अलग अलग अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया जाता है और गलत यंत्र के उपयोग से स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। कर्मियों ने गैस सिलेंडर में आग लगने, बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने तथा रसोई घर में होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत बिजली के स्विच ऑन या ऑफ नहीं करना चाहिए और खिड़की दरवाजे खोलकर वेंटिलेशन सुनिश्चित करना चाहिए। मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों एवं ग्रामीणों को स्वयं अग्निशमन यंत्र चलाने का अवसर भी दिया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा।

इस अभ्यास से लोगों को यह समझने में आसानी हुई कि आपात स्थिति में कैसे तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए। इससे आम लोगों में जागरूकता बढ़ती है और वे किसी भी दुर्घटना का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहते हैं।

अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने अंत में लोगों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन करें और आग से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से शिवाजीनगर प्रखंड में सुरक्षा के प्रति लोगों की समझ को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है, जो भविष्य में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक साबित होगी।

 

*बिहार में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत: सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ – Doorbeen News*

बिहार में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत: सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *