व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रजौर रामभद्रपुर पंचायत में चार दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का शव रविवार की शाम चौर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रामभद्रपुर गांव वार्ड एक निवासी स्व राम राजी मंडल की करीब 80 वर्षीय पत्नी विलती देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार विलती देवी बीते गुरुवार की शाम करीब पांच बजे अपने खेत की ओर देखने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ती गई। इस संबंध में परिजन नवीन कुमार सिंह ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र केदार प्रसाद सिंह ने शनिवार को शिवाजीनगर थाना में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया था।

रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे गांव के कुछ लोग चौर में मवेशी चराने के लिए गए थे। इसी दौरान मेघूलिया चौर स्थित एक झील में एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान विलती देवी के रूप में की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव को देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।

मृतका अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गई हैं। उनके बड़े पुत्र केदार प्रसाद सिंह एवं छोटे पुत्र विनोद मंडल हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार विलती देवी सरल स्वभाव की महिला थीं और अक्सर खेत-खलिहान का जायजा लेने स्वयं जाया करती थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया रामचंद्र सिंह, पूर्व मुखिया सह सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मृतका के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। परिजनों ने बताया कि मृतका का अंतिम संस्कार बड़े पुत्र केदार प्रसाद सिंह द्वारा किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


*दरोगा के सर्विस रिवॉल्वर से पत्नी की मौत, पिता ने कहा बेटी की कि गई हत्या, दरोगा का महिला एसआई से था संबंध – Doorbeen News*





