समस्तीपुर के गरीब मजदूर के बेटे विनय कुमार ने रचा इतिहास, GATE में ऑल इंडिया 64वां रैंक हासिल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

समस्तीपुर के गरीब मजदूर के बेटे विनय कुमार ने रचा इतिहास, GATE में ऑल इंडिया 64वां रैंक हासिल

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरसंड पश्चिमी पंचायत के गोबरसिठ्ठा गांव के निवासी विनय कुमार ने प्रतिष्ठित GATE (Graduate Aptitude Test in Engineering) परीक्षा में ऑल इंडिया 64वां रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले और बिहार राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

विनय कुमार वर्तमान में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के केमिकल इंजीनियरिंग शाखा के चौथे वर्ष के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

संघर्ष भरी पृष्ठभूमि से सफलता तक का सफर: विनय कुमार एक अत्यंत साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता, मदन राम, गांव में खेतिहर मजदूर के रूप में कार्य करते हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने बेटे को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया।

विनय ने भी अपने पिता के संघर्ष को समझते हुए पूरी लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई की। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश प्राप्त किया। वहां भी उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अब GATE जैसी कठिन परीक्षा में शानदार रैंक हासिल कर नई मिसाल कायम की है।

छात्रों के लिए बने प्रेरणा स्रोत : ,विनय कुमार की सफलता उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है।

बधाइयों का लगा तांता: ,विनय कुमार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं बुद्धिजीवियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बधाई देने वालों में सासाराम लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोज राम, उनके निजी सचिव (पूसा निवासी) राजीव कुमार, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, जिला दलित कांग्रेस के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद भुवनेश्वर राम, शिक्षाविद शिवकिशोर राय, शिक्षक कमलेश राय तथा शिक्षक दिनेश राम सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

सभी ने विनय कुमार की इस सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया और आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को छूते हुए देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *