व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
SP आदेश की अवहेलना पर कल्याणपुर थाना दारोगा का वेतन रोका, स्पष्टीकरण
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर एसपी के आदेश की अवहेलना और अनुशासनहीनता में कल्याणपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष एसआई दीपक कुमार झा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। एसपी ने उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
हिन्दी शाखा, पुलिस कार्यालय के एसआई बरूण कुमार गोस्वामी द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में बताया गया है कि एसपी के निर्देशानुसार सभी थानों के लंबित आरोप-पत्र एवं अंतिम प्रपत्र का तिथिवार मिलान हिन्दी शाखा में कराया जाना था। इसके लिए कल्याणपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार झा को भी निर्धारित तिथि पर बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए और न ही किसी अन्य दिन मिलान कराया।


11 मार्च तक कार्य लंबित रहने पर थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपर थानाध्यक्ष उनकी बात नहीं मानते हैं। इसके बाद संपर्क करने पर उनका मोबाइल बंद मिला। 12 मार्च को पुनः संपर्क होने पर उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कहकर आने से इनकार कर दिया और किसी अन्य पदाधिकारी को भेजने को कहा। 13 मार्च की शाम कल्याणपुर थाना से एसआई गुड्डू कुमार हिन्दी शाखा पहुंचे, लेकिन 36 लंबित मामलों में से केवल एक कांड की कोर्ट रिसीविंग ही प्रस्तुत कर सके।
इस दौरान फोन पर दीपक कुमार झा ने अपने स्थान पर गुड्डु कुमार की उपस्थिति दर्ज करने का आग्रह किया, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। बातचीत के दौरान उनके द्वारा अमर्यादित भाषा के प्रयोग की भी शिकायत की गई है। :- DB








