विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक अन्य युवक के साथ अमानवीय मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। यह घटना साखमोहन गांव के पास की है, हालांकि वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि Doorbeen News नहीं करती है। करीब 40 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मक्के के खेत के बीच एक सुनसान जगह पर दो युवक एक युवक को पकड़कर जमीन पर गिरा देते हैं और उस पर लगातार लात-घूंसे बरसाते हैं।

दोनों के पास हथियार भी दिखाई दे रहे हैं और वे युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। वीडियो में यह भी नजर आता है कि हमलावर युवक पीड़ित के बाल पकड़कर उसे घसीटते हैं और उसकी पीठ व छाती पर लगातार प्रहार करते रहते हैं। एक हमलावर कमर में हथियार लगाए हुए है, जबकि दूसरा हाथ में हथियार लेकर धमकाता दिख रहा है। पास में रखी एक बाल्टी से भी युवक पर वार किया जाता है।

घटनास्थल के आसपास एक बोरी और बाल्टी पड़ी हुई दिखाई दे रही है। आशंका जताई जा रही है कि पीड़ित युवक खेत में किसी काम से गया था, तभी उसे पकड़कर हमला किया गया। मारपीट के दौरान पीड़ित युवक बार-बार अपनी जान की गुहार लगाते हुए कहता सुनाई देता है कि उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है।

लेकिन हमलावर उस पर रहम नहीं करते। वीडियो के आखिर में युवक बेहोशी जैसी हालत में नजर आता है, जिसके बाद एक हमलावर दूसरे से उसे छोड़ देने की बात कहता है। इस पूरी घटना का वीडियो किसी तीसरे व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में आक्रोश भी है और आरोपी युवकों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इस मामले में रोसड़ा एसडीपीओ संजय सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मीडिया के द्वारा से मिली है। वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद विभूतिपुर थाना अध्यक्ष को मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *