पूर्व मध्य रेल में पहली बार ‘कवच‘ के साथ मानपुर-सरमाटांड रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

पूर्व मध्य रेल में पहली बार ‘कवच‘ के साथ
मानपुर-सरमाटांड रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ

Doorbeen News Desk: पूर्व मध्य रेल यात्री संरक्षा एवं सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहती है और इसके लिए नित नई तकनीकों का उपयोग भी करती रहती है। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल द्वारा ट्रेनों के संरक्षित परिचालन हेतु  छत्रसाल सिंह के नेतृत्व एवं दिशा निर्देश में आज दिनांक 30.01.2026 को डीडीयू-प्रधानखांटा रेलखंड पर 93.3 किमी लंबे मानपुर-सरमाटांड रेलखंड के मध्य चालू किया गया।

इससे अब इस रेलखंड पर कवच के साथ ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ कर दिया गया है ।

इसी क्रम में आज 30.01.2026 को पहली ट्रेन नंबर 13305 सासाराम इंटरसिटी ने कवच वाले सेफ्टी फीचर्स के साथ सुबह 07.42 बजे सरमाटांड स्टेशन से खुलकर 09.35 बजे मानपुर स्टेशन पहुंची । इस दौरान हेड ऑन कोलिजन टेस्ट भी किया गया और ट्रेन 4259 मीटर की दूरी पर रूक गयी ।

विदित हो कि पूर्व मध्य रेल के 4238 रूट किमी पर कवच लगाया जाना है । इसमें लगभग 417 रूट किलोमीटर लंबे पं.दीनदयाल उपाध्याय जं.-मानपुर-प्रधानखांटा रेलखंड भारतीय रेल के दिल्ली-हावड़ा रेलखंड के व्यस्तम मार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है । यह रेलखंड उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड राज्य से होकर गुजरता है। इस रेलखंड पर 8 जंक्शन स्टेशन सहित कुल 77 स्टेशन, 79 लेवल क्रॉसिंग गेट और 07 इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल हैं ।

इस रेलखंड पर सभी प्रकार के मिश्रित यातायात यथा माल ढुलाई, मेल/एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन किया जाता है । वर्तमान में इस रेलखंड पर 130 किमी/घंटा की गति स्वीकृत है तथा मिशन रफ्तार के तहत इसे बढ़ाकर 160 किमी/घंटा करने हेतु कार्य किया जा रहा है।

‘कवच‘ एक टक्कर रोधी तकनीक है। यह प्रौद्योगिकी रेलवे को शून्य दुर्घटनाओं के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगी। यह प्रौद्योगिकी माइक्रो प्रोसेसर, ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम और रेडियो संचार के माध्यमों से जुड़ा रहता है । जैसे ही यह तकनीक एक निश्चित दूरी के भीतर उसी ट्रैक में दूसरी ट्रेन का पता लगाती है, तो ट्रेन के इंजन में लगे उपकरण के माध्यम से निरंतर सचेत करते हुए स्वचालित ब्रेक लगाने में सक्षम है ।

कवच प्रणाली मौजूदा सिग्नलिंग सिस्टम के साथ संपर्क बनाये रखता है तथा इसकी जानकारी परिचालन से जुड़े प्राधिकृत व्यक्तियों को निरंतर साझा करता रहता है। यह प्रणाली किसी भी आपात स्थिति में स्टेशन एवं लोको ड्राईवर को तत्काल कार्रवाई हेतु सचेत करने, साइड-टक्कर, आमाने-सामाने की टक्कर एवं पीछे से होने वाली टक्करों की रोकथाम करने में पूर्णतः सक्षम है । इसके साथ ही यह सिस्टम रोल बैक/फॉरवर्ड और रिवर्स मूवमेंट की स्थिति में लगातार सचेत करता है एवं समपार फाटकों की जानकारी स्वचलित सिटी के माध्यम से प्रदान करता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *