तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी ठोकर, पैर टूटा, बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

तेज रफ्तार बाइक ने महिला को मारी ठोकर, पैर टूटा, बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के रहटौली गांव में रविवार को तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला का पैर टूट गया, वहीं बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार रहटौली पंचायत के वार्ड पंच निवासी मिथुन सहनी की पत्नी मीरा देवी रोसड़ा हथौड़ी मुख्य सड़क के किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान खानपुर थाना क्षेत्र के गाहर गांव निवासी बिहारी सहनी के पुत्र भोलू कुमार तेज गति से बाइक चलाते हुए गाहर की ओर से हथौड़ी की तरफ जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक महिला से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मीरा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला और बाइक सवार को इलाज के लिए रहटौली स्थित शिवम नेचरो केयर हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर शिव शंकर मंडल ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।

डॉक्टर ने बताया कि महिला के पैर का घुटना पूरी तरह टूट गया है, जबकि बाइक सवार को भी काफी चोटें आई हैं। दोनों की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों का आना जाना लगातार बना रहता है, जिससे इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य सड़क पर गति नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना हथौड़ी थाना पुलिस को भी दे दी है। पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *