व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
मोबाइल के जरिए युवती को फोटो-वीडियो के सहारे कर रहा ब्लैकमेल
Doorbeen News Desk: मोबाइल के जरिए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर एक युवती को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर पीड़िता ने महिला थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है।
पीड़िता का आरोप है कि शादी तय होते ही आरोपी युवक ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे 20 लाख रुपये की मांग की। मामले को लेकर पीड़िता ने महिला थाना और साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के फुलहारा गांव निवासी राजा कुमार से उसकी जान-पहचान वर्ष 2021 से थी। दोनों पढ़ाई के दौरान करीब आये थे।
इसी दौरान युवक ने किसी तरह उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। शुरू में आरोपी युवक ने बातचीत के दौरान इनका जिक्र नहीं किया, लेकिन जैसे ही पीड़िता की शादी कहीं और तय हुई, युवक का रवैया बदल गया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक मोबाइल पर लगातार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। साथ ही धमकी दी कि अगर 20 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसकी शादी तुड़वा देगा।
आरोपी की धमकियों से डरी-सहमी पीड़िता ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला थाना में आवेदन दिया गया। महिला थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना को भी इसकी जानकारी दी है।


इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला साइबर और महिला उत्पीड़न से जुड़ा है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






