व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
बिहार में सर्दी का सितम जारी, 23 जिलों में कड़ाके की ठंड के आसार, आठ जिलों में है घना कोहरा
Doorbeen News Desk: बिहार में सर्दी का सितम जारी है। शुक्रवार को 23 जिलों में कड़ाके की ठंड के आसार हैं। आठ जिलों में घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर बिहार के 19 और दक्षिण-पूर्व भाग के 5 जिलों में शीत दिवस को लेकर ऑरेंज और आठ जिलों के कुछ स्थानों पर घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले चार-पांच दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।
प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार बर्फीली हवा चल रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद बर्फीली हवा के कारण लोगों को कनकनी और ठिठुरन का एहसास हो रहा है। ज्यादातर जिलों में 100 प्रतिशत नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक ठंड का एहसास हो रहा है। पटना में गलन बढ़ गई है। यहां 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम पारा 9.1 डिग्री रहा। अधिकतम पारा 14.9 डिग्री रहा जो सामान्य से 6.3 डिग्री नीचे है।
यहां चेतावनी: पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड पड़ेगी। अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिमी चंपारण में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।









