पशुधन स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से औसेफा गोटरी एफपीओ के किसानों को मिली वैज्ञानिक जानकारी

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

पशुधन स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से औसेफा गोटरी एफपीओ के किसानों को मिली वैज्ञानिक जानकारी

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर प्रखंड के गोविंदपुर खजुरी पंचायत के महाबलीपुर गांव में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, पटना के कृषि ज्ञान वाहन द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली एवं नाबार्ड संपोषित औसेफा गोटरी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में पशुधन स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक पशुपालन, रोग प्रबंधन तथा आय वर्धन के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शंकर मंडल ने गांठदार त्वचा रोग (लम्पी स्किन डिज़ीज) की रोकथाम एवं उपचार पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय पर टीकाकरण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण एवं संक्रमित पशुओं को अलग रखने पर विशेष जोर दिया। डॉ. मंडल ने बकरी पालन को कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय बताते हुए इसके वैज्ञानिक तरीके, नस्ल चयन, आवास व्यवस्था, चारा प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कड़कनाथ मुर्गी पालन को ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त आय का प्रभावी साधन बताया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने पशुओं में रोग निवारण के सामान्य उपाय, शीतकालीन ऋतु में पशु प्रबंधन, गाय एवं भैंस के लिए संतुलित आहार, मिल्क फीवर रोग की पहचान एवं रोकथाम तथा कृति गरबा धान की विशेषताओं के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस अवसर पर अमित कुमार सिंह ने चौथे कृषि रोडमैप के अंतर्गत कृषि ज्ञान वाहन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य किसानों तक वैज्ञानिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे पहुँचाना है। उन्होंने बिहार सरकार एवं भारत सरकार की कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जिससे किसान इनका लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया तथा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को अत्यंत उपयोगी बताया। मौके पर अनमोल उपहार सेवा फाउंडेशन के परियोजना प्रबंधक प्रेरणा कुमारी, केवीके के टीए राजेश कुमार, एफपीओ के निदेशक सोनी कुमारी, चंचला देवी, वीणा कुमारी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *