व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
शिवाजीनगर प्लस टू उच्च विद्यालय का 79वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर का 79वां विद्यालय स्थापना दिवस सह वार्षिक परीक्षा 2025 एवं वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्र छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के स्वर्गीय राम लखन सिंह के तैलचित्र पर मुख्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के साथ की गई।
इसके पश्चात योगाचार्य डॉ. रामाकांत सिंह, पूर्व प्राचार्य प्रो. कुन्देश्वर प्रसाद सिंह, प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार एवं राज नारायण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।मुख्य अतिथि योगाचार्य डॉ. रामाकांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और खेलकूद का समन्वय ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। वहीं पूर्व प्राचार्य प्रो. कुन्देश्वर प्रसाद सिंह ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्थान दशकों से क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा 2025 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशांत कुमार, बृज मोहन सहनी, विगेश कुमार, बुधियार मुखिया, अंकित कुमार, मुकेश कुमार, शिव शंकर शर्मा, संतोष कुमार, मो० नूर आलम, राम उदय सिंह, मुकुन्द कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
समारोह में नेहा रानी, उषा कुमारी, रीतुराज, रूबी कुमारी, पूजा भारती, सुष्मिता यादव, रूबी कुमारी सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे उत्साह और उल्लास के साथ विद्यालय का 79वां स्थापना दिवस मनाया गया, जिसने सभी के मन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।






