व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
पिछले एक पखवाड़े से जिले में चल रहे शीतलहर के कहर, बूंदाबांदी से हुई परेशानी
Doorbeen News Desk: पिछले एक पखवाड़े से जिले में चल रहे शीतलहर के कहर के बीच रविवार की रात से हुई बूंदाबांदी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार की सुबह से बढ़ी कनकनी के बीच लोग घर में ही दुबके रहे। पूरे दिन मंद मंद चल रहे पछुआ हवा के कारण लोगों को तेज ठंड का एहसास होता रहा।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान लोगों को ठंड के प्रति लापरवाह होने से बचने की अपील की जा रही है। ठंड के दौरान वृद्ध और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।


शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड बदस्तूर जारी है। लोगों का घरो से निकलना दूभर है। रविवार की देर रात से ही जारी शीत लहर का प्रकोप आज सुबह करीब 10 बजे तक जारी रहा। इस दौरान कहीं-कही हल्की बूंदा-बांदी भी हुई। जिसके कारण सड़के भिंगी रही। इधर सर्द पछुआ हवा के कारण ठंड अपने चरम पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन का तापमान 13.8 डिग्री रहा। जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम रहा। इस दौरान करीब 7 किमी. प्रति घंटा की गति से पछुआ हवा से कनकनी लगातार बढ़ती रही। यह सिलसिला दिन भर जारी रहा। इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह 7 बजे 98 एवं दोपहर 2 बजे 93 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बीते 10 वर्षो में आज की तारीख में सबसे ठंडा दिन आज रहा।


हाड़ कंपाने वाली कड़ाके की पड़ रही ठंड से बचाव के लिए नगर निगम के आयुक्त ज्ञान प्रकाश के निर्देश पर शहर में कुल 60 सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की है। नगर निगम के सफाई शाखा के सहायक सफाई निरीक्षण मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले 55 सार्वजनिक जगहों पर अलाव लगाया गया जा रहा था, अब पब्लिक की मांग पर बढ़ा कर 60 जगहों पर अलाव लगाया जा रहा है। प्रति दिन 15 से 17 क्विंटल लकड़ी खरीद कर अलाव के लिए भेजा जा रहा है। 20 से 25 किलो लकड़ी सार्वजनिक जगह पर अलाव के लिए दिया जाता है। पिछले 19 दिसंबर से अलाव लगाया जा रहा है। शीतलहर जारी रहने तक अलाव की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।






