बालू माफिया-पुलिस संलिप्तता पर कार्रवाई होगी, ट्रैक्टर पकड़वाने पर पांच हजार, ट्रक पर 10 हजार इनाम

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

बालू माफिया-पुलिस संलिप्तता पर कार्रवाई होगी, ट्रैक्टर पकड़वाने पर पांच हजार, ट्रक पर 10 हजार इनाम

Doorbeen News Desk: उपमुख्यमंत्री सह खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अवैध बालू खनन तंत्र में शामिल किसी भी व्यक्ति या पुलिस पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई होगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ थाना क्षेत्रों से ऐसे मामलों की शिकायतें मिली हैं, जहां बिना नंबर प्लेट वाले बालू लदे ट्रैक्टर आसानी से निकल जा रहे हैं। यह चिंताजनक है और इस पर तुरंत रोक लगाने के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष अभियान के तहत संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां तत्काल छापेमारी करने का आदेश दिया गया है। छापेमारी केवल औपचारिकता न होकर, प्रभावी रूप से अवैध परिवहन की कड़ियों को तोड़ने की दिशा में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की आवाजाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर भी दायित्व तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि विभाग की टीम को हर जिले से पर्याप्त सहयोग मिले और साथ ही किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

संलिप्तता पाये जाने पर कठोर कार्रवाई : श्री सिन्हा ने कहा कि गृह विभाग को इस मामले में विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाने और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि किसी भी स्तर पर थाना, प्रखंड या अंचल पुलिस कर्मियों की संलिप्तता या मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ तत्काल कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि खनन व्यवस्था पारदर्शी, नियंत्रित और पूरी तरह विधिसम्मत हो। विभाग तकनीकी निगरानी बढ़ा रहा है। साथ ही जमीनी स्तर पर टीमों को और अधिक सशक्त किया जा रहा है।

ट्रैक्टर पकड़वाने पर पांच हजार, ट्रक पर 10 हजार इनाम:  उपमुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9472238821, 0612-2215360 तथा 9473191437 पर देकर बिहारी योद्धा पुरस्कार पाने का सम्मान भी लें। ट्रैक्टर पकड़वाने पर पांच हजार और ट्रक पकड़वाने पर 10 हजार रुपये का इनाम मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *