व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
विद्यापतिधाम में श्रावणी मेला की तैयारी शुरू 11 जुलाई से जुटेंगे श्रद्धालु
दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर :मिथिलांचल के देवघर कहे जाने वाले कवि कोकिल विद्यापति की निर्वाण भूमि विद्यापतिधाम में लगने वाले श्रावणी मेला की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक महीने तक चलने वाले इस मेले की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने को लेकर पंचायत समिति भवन के सभागार में गुरुवार को एसडीओ किशन कुमार तथा डीएसपी विवेक कुमार शर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों एवं बालेश्वर स्थान (विद्यापतिधाम) न्यास समिति के साथ बैठक की गई।


बैठक में श्रावणी मेला की तैयारियों पर गहन विचार विमर्श किया गया। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने कहा कि 11 जुलाई से लगने वाले श्रावणी मेले में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार श्रावणी मेला का आयोजन किया जाएगा। न्यास समिति के सदस्यों ने गर्मी को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था का सुझाव दिया। साथ ही महिला श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर चलंत शौचालय की व्यवस्था करने की बात कही।कांवड़ियों की भीड़ को लेकर सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार के दिन छोटी-बड़ी गाड़ी को स्मारक चौक से तथा विद्यापतिधाम स्टेशन की ओर से विद्यापतिधाम रोड में प्रवेश रोकने का सुझाव दिया।


मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम, पर्किंग की भी व्यवस्था रहेगी और जगह-जगह लाइटिंग, फायर ब्रिगेड की टीम, डॉक्टर के साथ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि बडी संख्या में जलाभिषेक को लेकर कावंरिया आस्था और श्विश्वास के साथ यहां पहुंचते है। जलाभिषेक में उन्हें कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, यह हम सभी की जिम्मेदारी बनती है। जगह-जगह कांवरियों की ठहराव स्थल के आलावे मंदिर परिसर में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती के साथ साथ मंदिर के गर्भगृह के प्रांगण में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया। मंदिर गर्भगृह में प्रवेश को लेकर दो पंक्ति बनाने का निर्णय लिया गया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने श्रावणी मेला समिति सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि श्रावणी मेला को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
वही एसडीओ एवं डीएसपी के साथ अन्य अधिकारियों ने मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर मेला क्षेत्र का जायजा लिया। बीडीओ ने बताया कि मेले में सड़क किनारे लगने वाले दुकानों को लेकर दुकानदारों को निर्देश दिया गया है।समिति के सदस्य मणिकांत सिंह ने कहा, सावन माह का चारों सोमवारी पर शिव भक्तों का जन सैलाब उमड़ने की संभावना है। इस अवसर पर न्यास समिति के सचिव सह बीडीओ महताब अंसारी, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष फिरोज आलम, पीओ संजय कुमार सिन्हा, सांखिकी पदाधिकारी रंजीत कुमार, गणेश गिरि कवि, रत्न शंकर भारद्वाज, कैलाश पासवान, मणिकांत सिंह आदि मौजूद थे।






