दूरबीन न्यूज डेस्क। बेगूसराय के अधेड़ की पूसा के वैनी में मिली फंदे से लटकी लाश। पूसा में खुदीराम बोस पूसा स्टेशन से वैनी गांव में एक बसबाड़ी मे सोमवार सुबह फंदे से लटके एक अधेड़ की लाश मिली। मृतक बेगूसराय जिला के बखरी थाना के सुग्गा गांव का निवासी था। उसकी राम बटोरन यादव के 50 वर्षीय पुत्र राम उदगार यादव के रूप में पहचान हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया गया है कि अधेड़ अपने भतीजा ललन कुमार के साथ उत्तरप्रदेश से सरयू यमुना एक्सप्रेस से बेगूसराय स्थित अपने घर जा रहा था। भतीजा ने बताया कि सुबह वह बाथरूम में गया था। उसी बीच उज़के चाचा खुदीराम बोस पूसा स्टेशन पर उतर गए। बाथरूम से आने के बाद चाचा को नहीं देख खोजना शुरू किया। तब तक ट्रेन समस्तीपुर पहुंच गयी। जिसके बाद वह लौटकर खुदीराम बोस पूसा स्टेशन आया। जहां वैनी में लाश मिलने की सूचना मिली।
देखने गया तो उसके चाचा की लाश थी। पुलिस का कहना है कि मृतक मानसिक रूप से विक्षित था। लेकिन मृतक के शरीर पर दाग के कई निशान पाए गए हैं। उसके गले मे फंदा तो लगा था, लेकिन पूरा शरीर घुटने के बल पर जमीन पर बैठे अवस्था मे था। जिससे लोग आशंका जता रहे थे कि उसकी पिटाई करने के बाद किसी ने हत्या कर बसबाड़ी में फंदे से शव लटका दिया होगा।