Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

सब्जी लेकर मंडी जा रहे किसान की गोली मार हत्या

दूरबीन न्यूज डेस्क। सब्जी लेकर मंडी जा रहे किसान की गोली मार हत्या। समस्तीपुर जिला के मुसरीघरारी थाना अंतर्गत फतेहपुर मुसहरी टोल में बाइक पर सवार बदमाशों ने किसान अरविन्द कुमार चौधरी (50) की गोली मार कर हत्या कर दी। बदमाशों ने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे इस घटना को अंजाम दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया गया है कि किसान अरविंद सब्जी बेचने के लिए ताजपुर स्थित मोतीपुर सब्जी मंडी जा रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मारी। गोली किसान की कनपटी में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

उन्हें आननफानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक किसान सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर के निवासी थे। इस संबंध में एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस घटना की तहकीकात में जुट गयी है। सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध बदमाशों की पहचान के साथ गिरफ्तारी के लिए मुसरीघरारी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि मृतक के पुत्र ने पूर्व के विवाद को घटना का कारण बताया है।

पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। इधर, अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये मुआवजा देने एवं बढ़ते हत्या-अपराध पर रोक लगाने की मांग की है। माले के सरायरंजन प्रखंड सचिव राजकुमार पासवान के नेतृत्व में माले की एक टीम मृतक के घर पहुंच परिजनों को ढाढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।