यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
दूरबीन न्यूज़ डेस्क। पूर्णिया तनिष्क लूटकांड का खुलासा, बेउर जेल में बन्द सुबोध सिंह ने जेल में ही बनायी थी योजना, चार अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार। बिहार के पूर्णिया जिला मुख्यालय में 26 जुलाई को तनिष्क शो रूम में हुए लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इसमें शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए बेउर जेल में बन्द सुबोध सिंह को मास्टरमाइंड बताया है। साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि बेउर जेल में ही सोना लूटकांड का मास्टरमाइंड सुबोध सिंह के द्वारा इस बड़ी लूटकांड की पटकथा लिखी गयी थी।

पूर्णिया एसपी ने बुधवार को प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि कांड के उद्भेदन हेतु तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अग्रतर कार्य हेतु जिला पुलिस एवं पुलिस मुख्यालय के स्तर से एसटीएफ की 10 अलग-अलग संयुक्त टीम बनाकर बिहार के कई जिलों में एवं पश्चिम बंगाल के कई जिलों में छापामारी किया गया। इस पूरे घटना का अंजाम बेउर जेल में बन्द शातिर अपराधी सुबोध सिंह द्वारा अपने अन्य सहयोगियों एवं स्थानीय स्तर पर कुख्यात अपराधी बिट्टू सिंह, जो बेउर जेल में कुछ समय पूर्व सुबोध सिंह एवं अन्य के साथ था, के द्वारा की गई।

इस घटना का उद्भेदन करते हुए छापामारी के क्रम में बेगूसराय जिला के मंसूरचक थाना के आदापुर निवासी राहुल कुमार, जो वर्त्तमान में लाईन बाजार पूर्णिया में क्लिनिक चलाते हैं, को पुलिस निगरानी में लेकर पूछताछ किया गया तो इनके द्वारा बताया गया कि पूर्णिया के ही प्रभात कॉलोनी एवं हाउसिंग बोर्ड स्थित बिट्टू सिंह, अभिमन्यु सिंह एवं चुनमुन झा के विभिन्न ठिकानों में स्थानीय एवं बाहरी अपराधकर्मी के साथ आभूषण के दूकान में लूट करने का स्थानीय स्तर पर योजना बनाया गया।

जिसका निर्देशन बेउर जेल में बन्द अपराधी सुबोध सिंह, अपने अन्य सहयोगियों के द्वारा किया गया। इस घटना को कारित करने के लिए बाहर से आये अपराधियों को अररिया के शिवपूरी स्थित लॉज में रखा गया। फिर अररिया में ही स्थानीय एवं बाहरी अपराधियों की मीटिंग हुई। इसके बाद लूट की योजना कारित करने हेतु अररिया एवं पूर्णिया के विभिन्न दुकानों मेक्स शापिंग मॉल पॉलटेक्नीक चौराहा पूर्णिया, रिलायंस ट्रेंड अररिया एवं से घटना के समय पहने कपड़े एवं अन्य सामान खरीदा गया था।

घटना से एक सप्ताह पूर्व पुनः तनिष्क शोरूम का रैकी किया गया था। घटनास्थल पर उपस्थित स्थानीय अपराधी में अररिया जिला के पलासी थाना के मजलिशपुर के चुनमुन झा, जो स्थानीय होने के कारण मास्क लगाये हुये थे एवं अन्य की पहचान कर ली गई है। घटनाक्रम में कई टीम द्वारा सीसीटीभी फुटेज के आधार पर भागने का रूट पता किया गया तथा मालदा पुलिस के सहयोग से घटना में प्रयुक्त 02 (दो) मोटरसाईकिल बरामद कर लिया गया है।


घटनास्थल पर उपस्थित अपराधियों का सम्पर्क बेउर जेल के अपराधियों के साथ था और वहाँ के निर्देश पर ही अपराधियों के द्वारा घटना कारित किया जा रहा था। चुनमुन झा के भाई आनंद झा के द्वारा घटना कारित करने में सहयोग के अलावा चुनमुन झा के मोबाईल को भी घटना के बाद जलाया गया है। जिसका अवशेष भी बरामद कर लिया गया है। घटना कारित करने में एवं योजना बनाने में सहयोगी पूर्णिया के मधुबनी थाना के जयप्रकाश कालोनी के अभिमन्यु सिंह एवं बमबम यादव तथा अन्य की पहचान किया गया है।


उपरोक्त गिरफ्तार अपराधियों की स्वीकारोक्ति बयान एवं अनुसंधान में अबतक आये साक्ष्यों के आधार पर वर्त्तमान में भी जिला पुलिस एवं एसटीएफ टीम के कई संयुक्त टीमों के द्वारा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी हेतु छापामारी जारी है। जबकि बेगूसराय के राहुल श्रीवास्तव, पूर्णिया मधुबनी के अभिमन्यु सिंह, बमबम यादव, अररिया के आनंद झा, को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से दो देशी कट्टा, 03 कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोबाईल का जला हुआ अवशेष एवं विभिन्न कम्पनी का कुल चार मोबाईल व घटना प्रयुक्त तीन मोटरसाईकिल को भी बरामद किया गया है।

यात्रा करने से पहले पढ़ें यह खबर, एक अगस्त को 14 ट्रेनो को रेलवे ने कर दिया है रद्द





