यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
दूरबीन न्यूज डेस्क। लालू प्रसाद ने कहा – भाजपा देश में जातिगत जनगणना नहीं कराना चाहती। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने आरोप लगाया है कि भाजपा देश में जातिगत जनगणना नहीं कराना चाहती है। उन्होंने वर्ल्ड इनइक्वेलिटी लैब (विश्व असमानता लैब) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए अगड़ी और पिछड़ी जातियों के बीच बढ़ रही असमानता पर केंद्र की एनडीए सरकार और भाजपा पर हमला बोला।


उन्होंने कहा कि रिसर्च में पिछड़ों/दलितों और आदिवासियों के लिए डरावने आंकड़े सामने आए हैं।रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा है कि वर्ल्ड इनइक्वेलिटी लैब की रिपोर्ट सामाजिक और आर्थिक असमानता को उजागर कर रही है।

आंकड़ों का हवाला देते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि यही वजह है कि भाजपा देश में जातिगत जनगणना नहीं कराना चाहती है, क्योंकि इससे संपन्न लोगों का प्रभुत्व उजागर हो जाएगा। रिपोर्ट के हवाले से लालू प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार 10 वर्षों से ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के छोटे व्यवसायों को भी लक्ष्य कर खत्म कर रही है।

पिछले 10 वर्षों में धर्म और छद्म राष्ट्र के बनावटी मुद्दों व बहसों में उलझा कर अपनी सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सत्ता को और अधिक सुदृढ़ एवं सुनिश्चित किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ओबीसी/एससी/एसटी को सांकेतिक और दिखावटी प्रतिनिधित्व देकर इतिश्री कर देते हैं ताकि देश की ये बहुसंख्यक आबादी अपने अधिकारों की वाजिब मांग नहीं कर सकें।









