शाहपुर पटोरी स्टेशन को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित करने का काम शीघ्र होगा शुरू, चंदन चौक एवं एएनडी कॉलेज के पास रेलवे क्रॉसिंग पर होगा आरओबी का निर्माण

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर/शाहपुर पटोरी। रेल मंत्रालय द्वारा घोषित शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित करने का काम शीघ्र शुरू हो जाएगा। उक्त बातें शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पहुंचे सोनपुर के डीआरएम विवेक भूषण सूद ने कही। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन के तहत शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन को भी इस कदर विकसित किया जाएगा कि उसकी सुंदरता से शहर निखर जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के चंदन चौक एवं एएनडी कॉलेज रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का निर्माण होगा ताकि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण आम लोगों को होने वाली समस्या से निजात मिल सके।


डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन के दोनों ओर बड़ा वाहन पड़ाव एवं सुंदर पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा एक नया ओवर ब्रिज बनाकर रेलवे स्टेशन के दोनों ओर अवस्थित सड़कों से जोड़ दिया जाएगा। इस योजना के तहत रेलवे स्टेशन के उत्तर दिशा में भी एक टिकट काउंटर बनेगा। इसके अलावा स्टेशन के एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक आने-जाने के लिए लिफ्ट, नए एवं सुविधाजनक भवन, वेटिंग रूम, यात्री शेड, शौचालय, मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना में शामिल है। डीआरएम के साथ रेल मंडल सोनपुर के सीनियर डीईएन, सीनियर डीईएन – 1, एडीईएन, एसएस शैलेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।

शाहपुर पटोरी पहुंचे सोनपुर के डीआरएम, विवेक भूषण सूद से नगर परिषद की मुख्य पार्षद प्रियंका सुमन एवं प्रभाष चंद्र राय ने भी मुलाकात की। मुख्य पार्षद ने डीआरएम से शाहपुर पटोरी- बासुदेवपुर चंदेल रेलवे स्टेशनों के बीच अवस्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 26 पर अंडर पास बनाने एवं नगर परिषद की योजना से रेल परिसर में सुंदर और विकसित पार्क बनाने की बात कही। इस संबंध में डीआरएम ने बताया कि शहर को सुंदर बनाने में रेलवे, नगर परिषद का भरपूर सहयोग करेगा।

रेलवे अपने स्तर से भी शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन एवं आम यात्रियों की सुविधा से जुड़ी विकास की योजनाओं पर कार्य करेगा। इसके लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग संख्या 26 पर अंडरपास बनाने की मांग पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। प्रियंका सुमन ने डीआरएम के समक्ष शाहपुर पटोरी में रेल से संबंधित विकास की कई योजनाओं का प्रस्ताव रखा। डीआरएम ने भी उन्हें हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *