समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के कई पावर सब स्टेशन में बार-बार के ब्रेकडाउन होने की समस्या को निजात दिलाने के तीन पावर सब स्टेशन को अब सीधे मोहनपुर ग्रीड के आउटडोर वे से जोड़ा जाएगा। जिसके कारण दो अक्टूबर को समस्तीपुर शहरी क्षेत्र के अलावे छह प्रखंडों में तीन घंटे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रखी जाएगी। शहरी क्षेत्र के सहायक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि दो अक्टूबर को सुबह दस बजे से एक बजे तक 132/33 केवी मोहनपुर ग्रीड में वे शिफ्टींग का कार्य के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित होगी।



इसके कारण समस्तीपुर के पूरे शहरी क्षेत्र के अलावे सदर अनुमंडल के पूसा, ताजपुर, मोरवा, कल्याणपुर, खानपुर एवं वारिसनगर प्रखंड क्षेत्र में तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार पानी का स्टॉक कर सकते हैं, ताकि पेयजल की कोई समस्या नहीं हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों बिजली में अचानक आयी फॉल्ट के कारण ग्रीड के इंडोर में तकनीकि खराबी आ गयी थी। जिसके कारण काफी परेशानी शुरु हो गयी। जिसको देखते हुए मथुरापुर, लगुनिया एवं खानपुर मसीना पावर सब स्टेशन को ग्रीड के आउटडोर वे से जोड़ दिया जाएगा। ताकि बार-बार ब्रेकडाउन की समस्या से निजात मिल सके। इसके लिए इंडोर वे को आउटडोर वे में शिफ्ट किया जा रहा है।



विभागीय जानकारी के अनुसार खानपुर मसीना पावर सब स्टेशन को फिलहाल शहर के लगुनियां पीएसएस से जोड़कर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। वहीं मथुरापुर को मोहनपुर से जोड़ा गया है। जिसके कारण मथुरापुर में ब्रेकडाउन के कारण मोहनपुर भी प्रभावित होता है। अब मथुरापुर को जितवारपुर से जोड़ दिया गया है।





