समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के संत कबीर डिग्री कॉलेज में बीए पार्ट वन की परीक्षा के दौरान एक छात्र की मौत हो गयी। मृतक छात्र मुफस्सिल थाना के दुधपुरा गांव के शंकर साह के पुत्र अमित कुमार के रुप में की गयी। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों एवं छात्रों ने जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद सदर अस्पताल में ही मृतक छात्र के पिता शंकर साह को बीस हजार रुपए की सहायता राशि का चेक दिया गया। मुख्यमंत्री पारिवारिक सहायता कोष से निर्गत बीस हजार रुपए का चेक मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने मृतक छात्र अमित कुमार के पिता शंकर साह को दिया।


इस दौरान नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, मथुरापुर ओपी अध्यक्ष मो. खुशबुद्दीन, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप, दारोगा मुकेश कुमार, नाजिर के अलावे अन्य लोग उपस्थित थे। विदित हो कि संत कबीर कॉलेज में बीए पार्ट वन की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान भीषण गर्मी के कारण छात्र अमित कुमार बेहोश हो गया। कॉलेज में पानी व पंखा की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। जिसके कारण आधा दर्जन से अधिक छात्र बेहोश गया था।



इसमें अमित कुमार की तबियत अधिक खराब हो गयी। जिसके बाद आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगाम किया। फिर बाद में एसडीओ दिलीप कुमार, डीएसपी संजय कुमार पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी काफी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर भीड़ नियंत्रण किया। फिर बेहोशी की हालत में छात्र अमित को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।


घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में भी जमकर तोड़फोड़ किया। वहीं शहर के पटेल मैदान गोलंबर के पास मुख्यपथ को शव के साथ जाम कर दिया। जिसके कारण लगभग 1 घंटे से अधिक समय तक यातायात सेवा बाधित रही। बाद में पुलिस अधिकारियों की काफी मशक्कत के बाद जाम को हटाया गया इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों के द्वारा कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की गई। जिसके बाद पुलिस के द्वारा सख्ती बरती जाने पर भीड़ को तीतर बितर किया गया।





