व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर छोटे होटल के समीप देर रात करीब 12 बजे बदमाशों ने लहसुन लदे ट्रक को निशाना बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने दलसिंहसराय के पीछे से ही ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया था। करीब 50किलोमीटर तक पीछा करने के बाद महिंद्रा पिकअप सवार चार बदमाशों ने ट्रक को रोककर चालक के साथ लूटपाट की।
जानकारी के अनुसार, ट्रक राजस्थान के भीलवाड़ा से लहसुन लेकर समस्तीपुर मंडी जा रहा था। इसी दौरान गोभी लदी एक महिंद्रा पिकअप पर सवार चार लोग लगातार ट्रक का पीछा कर रहे थे। छोटे होटल के समीप बदमाशों ने अचानक पिकअप को ट्रक के आगे खड़ा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पिकअप से उतरकर चारों बदमाश ट्रक के केबिन में घुस गए।


बदमाशों ने चालक से करीब 22 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और सात हजार रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने ट्रक की चाबी छीनने का भी प्रयास किया, लेकिन चाबी गाड़ी में ही फंस गई। इसी बीच चालक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हल्ला सुनकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद से ट्रक एनएच-28 पर ही खड़ा रहा। हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब 12 घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रक सड़क से नहीं हटाया जा सका, जिसके कारण मुख्य सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। एनएच-28 मुजफ्फरपुर से बेगूसराय की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग है। सड़क पर ट्रक खड़े रहने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


मामले को लेकर जब मुसरीघरारी थानाध्यक्ष से संपर्क किया गया तो उन्होंने शुरुआत में घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में घटना की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द ट्रक को खाली करवाकर सड़क से हटवाया जाएगा।

*थानेश्वर स्थान मंदिर में रक्तदान शिविर, 37 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान – Doorbeen News*
थानेश्वर स्थान मंदिर में रक्तदान शिविर, 37 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान







