व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के विश्वविद्यालय मनोविज्ञान विभाग में जून 2026 की नेट (NET) परीक्षा में सफल होने पर छात्रा ऋद्धि कुमारी के सम्मान-सह-मार्गदर्शन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे विभाग में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने ऋद्धि को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभागाध्यक्ष प्रो अनीस अहमद ने कहा कि ऋद्धि की सफलता विभाग के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि लगन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, शोध के प्रति जिज्ञासा और अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


विभागीय प्राध्यापक अमृत कुमार झा ने ऋद्धि को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता के साथ विनम्रता और सीखते रहने की प्रवृत्ति बनी रहनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र की पहचान कर, उसमें दक्षता हासिल करने और नेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू से रणनीतिक ढंग से करने की सलाह दी।
डॉ दिवेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को समय-प्रबंधन, आत्मविश्वास और तनावमुक्त रहकर पढ़ाई करने का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में मानसिक संतुलन बनाए रखना सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर रिद्धि कुमारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विभाग में अध्ययन के दौरान शिक्षकों से मिले निरंतर मार्गदर्शन, विषय संबंधी शंकाओं के समाधान, परीक्षा की तैयारी के लिए उचित दिशा-निर्देशन तथा प्रोत्साहन से उन्हें काफी लाभ मिला।


उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा समय-समय पर दिए गए सुझावों ने उन्हें अपनी तैयारी को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने और यूजीसी-नेट की तैयारी में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सहायता की। उन्होंने अपने शिक्षकों एवं विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ निशात शाहीन ने किया। कार्यक्रम में ऋद्धि कुमारी को सम्मानित किया गया और विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित हुआ।

*ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत, घर में सो रहे थे डॉक्टर मोहम्मद गुलजार उर्फ शाहीन, अहले सुबह खून से लथपथ मिला शव – Doorbeen News*







