फर्जी हस्ताक्षर : DEO ने प्रतिनियोजन पत्र को बताया फर्जी, संबंधित शिक्षकों व प्रधानाध्यापक पर एफआईआर के निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर सरकारी स्कूल के शिक्षकों का प्रतिनियोजन किए जाने का मामला सामने आया है। मामला संज्ञान में आने के बाद डीईओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए उजियारपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।

डीईओ कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि उनके हस्ताक्षर से कुछ शिक्षकों को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, विरनामारही, उजियारपुर में प्रतिनियोजित किए जाने से संबंधित पत्र जारी किया गया है। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि उक्त प्रतिनियोजन पत्र फर्जी और तथ्य से परे है। उनके स्तर से इस तरह का कोई पत्र जारी नहीं किया गया है।

चार शिक्षकों के नाम से जारी हुआ फर्जी पत्र:

निर्देश के अनुसार, मध्य विद्यालय ब्रह्मवाना के शिक्षक अमित कुमार वर्मा और रंजना कुमारी तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय भजनपट्टी के शिक्षकों ममता कुमारी और अमित कुमार के नाम से प्रतिनियोजन संबंधी पत्र जारी किया गया है।

डीईओ ने बीईओ को निर्देश दिया है कि संबंधित विद्यालयों में स्थलीय जांच कर पूरे मामले की पड़ताल की जाए। जांच के दौरान यह पता लगाने को कहा गया है कि फर्जी प्रतिनियोजन पत्र तैयार करने और जारी करने में किन लोगों की भूमिका रही है।

दोषी शिक्षकों व प्रधानाध्यापक पर एफआईआर का आदेश :

डीईओ ने संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापक की भूमिका की जांच कर दोषियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। दोषी पाए जाने वाले शिक्षक अथवा प्रधानाध्यापक के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया है।

साथ ही बीईओ को जांच रिपोर्ट और प्राथमिकी दर्ज किए जाने से संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन डीईओ कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। डीईओ के इस कड़े रुख के बाद शिक्षा विभाग में फर्जी प्रतिनियोजन पत्र जारी करने के मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।

*महिलाओं को संगठन में मजबूत भूमिका निभानी होगी : शिवरानी देवी – Doorbeen News*

महिलाओं को संगठन में मजबूत भूमिका निभानी होगी : शिवरानी देवी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *